
नौगांव। अपर यमुना वन प्रभाग की मुगरसंती रेंज के अंतर्गत क्वाड़ी व बिंग्सी गांव में आजकल गुलदार का आतंक फैला है। एक हफ्ते में गुलदार आधा दर्जन से ज्यादा मवेशियों को निवाला बना चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
एक हफ्ते के भीतर गुलदार ने क्वाड़ी गांव में बालम लाल, ज्ञान लाल, चंद्रमोहन, कौशल्या देवी की दो गाय, एक खच्चर, एक बैल, एक कुत्ता तथा बिंग्सी गांव में एक घोड़ा व एक खच्चर को निवाला बना डाला। क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। लोग शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं। कई बार दिन के समय गांव के डांडा तोक में गुलदार दिखने पर महिलाएं काम के लिए खेतों में जाने से भी कतरा रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह मादा गुलदार है तथा इसके साथ दो बच्चे भी हैं। क्वाड़ी गांव के बर्फियालाल आदि ने वन विभाग से पीड़ित पशुपालकों को क्षतिपूर्ति देने तथा गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
