गुरुद्वारा मार्केट में भी समस्याओं का अंबार

बिलासपुर। शहर की गांधी, मेन मार्केट के साथ साथ गुरुद्वारा मार्केट में भी समस्याओं का अंबार है। इस मार्केट की समस्याओं से न ही दुकानदार बल्कि आम जनता भी परेशान हैं। इस ओर काई भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शहर में गांधी मार्केट, मेन मार्केट के साथ-साथ गुरुद्वारा मार्केट में भी पार्किंग की भारी समस्या है। शहर में कहीं पर भी पार्किंग सुविधा न होने के कारण हर किसी को समस्या उठानी पड़ती है। गुरुद्वारा मार्केट में भी बेतरतीब तरीके से वाहन इधर-उधर खड़े होते हैं। इसके अलावा सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमराई हुई है। सबसे ज्यादा हैरानी उस समय होती है। जब कई बार नगर परिषद कर्मचारी यहां पर ही कूड़े को जलाते हैं। आवारा पशुओं की समस्या भी यहां पर विकराल रूप धारण कर चुकी है। आवारा पशु दुकानदारों के साथ साथ लोगों को भी परेशान करते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। दुकानदार सुरेंद्र कुमार, राजकुमार, सुरेश कुमार, अनिल कुुमार, दीपक, धमेंद्र ने कहा कि मार्केट में सफाई व्यवस्था का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। यहां पर पार्किंग समस्या भी बनी हुई है। उन्होंने सरकार, जिला प्रशासन से भी मांग की है कि गुरुद्वारा मार्केट की समस्याओं का समाधान किया जाए ताकि दुकानदारों सहित आम जनता को समस्या नहीं उठानी पड़े।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी पीसी शर्मा ने कहा कि गुरुद्वारा मार्केट के समीप पार्किंग निर्माण के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। जो कर्मचारी मार्केट में ही कूड़ा जलाते हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related posts