
बागेश्वर। नियुक्ति और पेंशन की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलित गुरिल्लों ने सोमवार को यहां नारेबाजी के साथ जुलूस निकाल केंद्र और राज्य सरकार के प्रति गुस्से का इजहार किया। यहां हुई सभा में मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन तेज करने की धमकी दी गई।
जिले के विभिन्न क्षेत्र के गुरिल्ले नुमाइशखेत में एकत्रित हुए। यहां से दुग बाजार, माल रोड, तहसील रोड होते हुए आंदोलन स्थल तहसील प्रांगण पहुंचे। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि वह पेंशन और नियुक्ति की मांग को लेकर तीन साल से आंदोलित हैं। लेकिन केंद्र सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है। राज्य सरकार पर भी गुरिल्ले जमकर बरसे। वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार उन्हें कभी वन विभाग में तो कभी उपनल के माध्यम से नौकरी देने की बात कर रही है। लेकिन उसे अमली जामा पहनाने में कतरा रही है। सभा की अध्यक्षता शेर सिंह दुबड़िया ने और संचालन राम प्रसाद ने किया। जुलूस और सभा में रूद्र सिंह धामी, हेम कांडपाल, जानकी साह आदि मौजूद थे।
