गुमशुदगी दर्ज, लापता सूची से नाम गायब

गोपेश्वर। केदारनाथ त्रासदी में अपनों को खो चुके लोगों के जख्मों पर मरहम लगाने के बजाय शासन-प्रशासन नमक छिड़कने का काम कर रहा है। मंडली घाटी के गोकुल और किशन के बेटे जलप्रलय के समय से लापता हैं। बेटों की गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई है, बावजूद इसके प्रशासन की ओर से जारी लापता लोगों की सूची में उनका नाम दर्ज नहीं है। जिससे परिजनों को अभी तक मुआवजा नहीं मिल पाया है।
जलप्रलय में के बाद से गोकुल सिंह का बेटा राकेश (23) और किशन सिंह का बेटा संजय (26) लापता हैं। परिजनों ने संपूर्ण केदारनाथ घाटी छान लिया है, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया है। थक हार कर दोनों परिवारों ने 24 जून को थाना ऊखीमठ और गुप्तकाशी में पुलिस के राहत शिविर में दोनों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। बावजूद इसके तहसील प्रशासन ने उक्त दोनों का नाम लापता सूची में दर्ज नहीं कराया है। सामाजिक संस्था लोक कल्याण विकास समिति के सचिव सत्येंद्र रावत ने 11 जुलाई को प्रशासन को इस संबंध में अवगत भी कराया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी है।

राकेश और किशन सिंह की अभी तक तहसील में रिपोर्ट नहीं पहुंची है। जैसे ही दोनों की रिपोर्ट मिलेगी, इन्हें भी मुआवजा दिया जाएगा।

Related posts