
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी में गुप्त नवरात्र में ज्यादा संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध दर्शन करवाए जा रहे हैं। वहीं, मंदिर में पुजारी जप और पाठ कर विश्वशांति के लिए अनुष्ठान कर रहे हैं। गुजरात, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, पंजाब और हिमाचल से बड़ी संख्या में मंदिर में शीश नवाने पहुंच रहे हैं। इसके अलावा मंदिर में देवीभागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसका रसपान शाम को श्रद्धालुगण कर रहे हैं। मंदिर अधिकारी सुरिंद्र शर्मा ने बताया कि गुप्त नवरात्र में श्रद्धालु निरंतर आ रहे हैं। पुजारियों के लिए फलाहार की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध दर्शन करवाए जा रहे हैं। अपने स्तर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। हर आने जाने वाले पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि वीरवार को आठ हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए हैं।
