
पिथौरागढ़। सर्व शिक्षा अभियान के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों में देरी होने और खराब गुणवत्ता पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निर्माण कार्यों की समीक्षा को लेकर आयोजित बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी केके वार्ष्णेय ने कहा कि स्कूल प्रबंध समितियों, अभियंताओं और अधिकारियों को गुमवत्ता पर खास ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि हर निर्माण कार्य में छत पड़ने तक 75 प्रतिशत की राशि दी जाएगी और काम पूरा होने पर शेष 25 प्रतिशत राशि का भुगतान होगा। उन्होंने कहा कि भुगतान तकनीकी मापन और गुणवत्ता सही पाए जाने पर ही किया जाएगा। काम पूरा होने पर उपयोगिता प्रमाणपत्र भी समय पर प्रस्तुत करना होगा। जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल ने कहा कि प्राथमिक पाठशाला का महत्व बहुत ज्यादा है। ऐसे में स्कूल प्रबंध समितियों को चाहिए कि वह बेहतर गुणवत्ता पर ध्यान दें। बैठक में विभिन्न विकासखंडों से आए प्रबंध समिति के सदस्य और विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
