गुणवत्ता और समय सीमा पर ध्यान दें अफसर

नैनीताल। बल्दियाखान से खुर्पाताल को बनाए जा रहे बाईपास का जिलाधिकारी अरविंद सिंह हयांकी ने निरीक्षण किया। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को बाईपास निर्माण के कार्य में गुणवत्ता तथा समय सीमा का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा 6.75 किमी दूरी वाले इस बाईपास के बनने से हल्द्वानी से आने वाले वाहन सीधे नैनीताल मल्लीताल एवं अन्य स्थानों को जा सकेंगे। लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि बाईपास निर्माण कार्य वर्ष 2010 से चल रहा है। इसके लिए विभाग के पास पर्याप्त बजट होने के साथ ही 60 मीटर तथा 80 मीटर के दो पुलों का निर्माण कार्य भी चल रहा है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोनिवि जितेंद्र त्रिपाठी को निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाली सामग्री में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने को कहा।
इससे पहले जिलाधिकारी ने दुर्गापुर में गरीब तबके के लोगों के लिए बनाए जा रहे 200 आवासों का निरीक्षण भी किया तथा लोनिवि के प्रांतीय खंड अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों को शीघभन पूरा कराएं तथा बरसात से पहले ही लेंटर डाल दें। लोनिवि के ईई त्रिपाठी ने बताया कि 120 आवासों का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा 80 आवासों के लिए भूमि की व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान एई एमपीएस कालाकोटी,नगर पालिका के ईओ रोहिताश शर्मा तथा सभासद डीएन भट्ट मौजूद थे।

Related posts