गुंडों से भिड़ गए रितिक रोशन

शिमला। शनिवार को मालरोड पर बॉलीवुड फिल्म बैंग बैंग के एक्शन शॉट फिल्माए गए। रिज मैदान स्थित दौलत सिंह पार्क के सामने भवन की छत पर फिल्म की शूटिंग हुई। फिल्म यूनिट के सदस्य सुबह करीब नौ बजे माल रोड पहुंचे। दोपहर बाद करीब चार बजे तक शूटिंग का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान फिल्म के अभिनेता रितिक रोशन गुंडों से फाइट करते नजर आए। शूटिंग के दौरान कुछ शॉट फिल्म के मुख्य अभिनेता रितिक रोशन पर फिल्माए गए, वहीं कुछ शॉट रितिक के डुप्लीकेट पर भी फिल्माए गए। शूटिंग के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए गए थे। आपातकालीन स्थिति से निपटने को बाकायदा एक एंबुलेंस शूटिंग स्थल पर सुबह से शाम तक तैनात रही। दोपहर बाद मालरोड पर धुंध छाने और ठंड बढ़ने पर शूटिंग यूनिट ने अपना साजोसामान समेट लिया। रविवार को फिल्म की अभिनेत्री कैटरीना और रितिक पर मालरोड और जाखू में शॉट फिल्माए जाएंगे।

प्रशंसकों की उमड़ी भीड़
रितिक के दीदार के लिए शनिवार को माल रोड पर खूब भीड़ उमड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती करनी पड़ी। रितिक को होटल से शूटिंग स्थल तक लाने और वापिस ले जाने के लिए गाड़ी को लाने ले जाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।

बीसीएस स्कूल में जनपथ की शूटिंग
शिमला। बॉलीवुड फिल्म जनपथ की शूटिंग शनिवार को बीसीएस स्कूल में हुई। इनडोर शूटिंग के लिए फिल्म में मुख्य किरदार निभा रहे अभिनेता जिमी शेरगिल करीब दो बजे होटल से निकले। बीसीएस स्कूल में जिमी शेरगिल के साथ स्कूली बच्चों के शॉट फिल्माए गए। शूटिंग में शिमला के स्कूली बच्चों सहित स्थानीय कलाकारों ने भाग लिया।

शूटिंग पर नहीं आईं कैटरीना
शिमला। फिल्म बैंग बैंग की लीड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ शनिवार को शूटिंग पर नहीं आईं। शुक्रवार को कैटरीना के शिमला पहुंचने के बाद प्रशंसक शनिवार को शूटिंग स्थल पर उनका इंतजार करते रहे। रविवार को कैटरीना के शूटिंग में शामिल होने की संभावना है।

Related posts