
शिमला। गाद से गिरि पेयजल योजना हांफ गई है। शुक्रवार को आधे शहर में सुबह पानी की सप्लाई नहीं हुई। इन क्षेत्रों में सप्लाई देने के लिए नगर निगम ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। इस कारण हजारों की आबादी को जल संकट का सामना करना पड़ा। उधर, नगर निगम ने शहर में दोपहर और शाम के समय पीने के पानी की सुचारु सप्लाई देने का दावा किया है। शुक्रवार को छोटा शिमला, ब्राकहास्ट, निगम विहार, खलीणी, अप्पर खलीणी, लोअर खलीणी, वीरखाना, ऐरा होम कसुम्पटी, पेट्रोल पंप एरिया विकासनगर, नॉलजवुड, साधना घाटी में सुबह की पानी सप्लाई नहीं आई। बारिश के चलते गिरि पेयजल योजना गाद आने से हांफ गई थी। पेयजल योजना में रात को पानी की पंपिंग नहीं हो सकी। इस कारण शुक्रवार सुबह पानी की सप्लाई प्रभावित हुई।
—
नहीं मिली पानी की पर्याप्त सप्लाई
नगर निगम अभियंता विजय गुप्ता ने बताया सुबह के समय कुछ क्षेत्रों में सप्लाई नहीं दी जा सकी है। शनिवार को इन क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सप्लाई दी जाएगी।
—
गाद आने से प्रभावित हुई पंपिंग
आईपीएच के अधिशासी अभियंता प्रीत मोहिंद्र सिंह ने कहा गाद आने के चलते गिरि पेयजल योजना में सही से पानी की पंपिंग नहीं हो सकी। बारिश के चलते गाद आने की समस्या बढ़ी है।
—
36 एमएलडी पानी ही मिल सका
शुक्रवार को पेयजल योजनाओं से कुल 36.09 एमएलडी पानी की सप्लाई प्राप्त हुई है। गुम्मा से 18.40, गिरि से 8.04, चुरट से 2.40, चेयढ से 0.50 और अश्वनी से 7.05 एमएलडी पानी नगर निगम को मिला। गिरि में रोजाना करीब 15 एमएलडी पानी की पंपिंग होती है लेकिन वीरवार रात को योजना में गाद आने के चलते पंपिंग आधी रह गई।
—
सचिवालय के अफसर भी प्यासे
शुक्रवार सुबह राज्य सचिवालय में भी पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। छोटा शिमला जोन के तहत गिरि की सप्लाई कम आने के चलते सचिवालय सहित उच्च अधिकारियों की आवासीय कालोनी ब्राकहास्ट को भी पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।
—
पानी के टैंकर को 2658916 पर करें संपर्क
पानी के टैंकर के लिए नगर निगम से संपर्क किया जा सकता है। रिज मैदान स्थित टैंक से पानी भर कर टैंकर से सप्लाई दी जाती है। सुबह 10 से शाम 5 बजे के बीच 0177-2658916 पर कॉल कर पानी के टैंकर की डिमांड की जा सकती है।
