गांवों में चौपाल लगाकर सुनी समस्याएं

लोहाघाट। क्षेत्रीय विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने मध्य गंगोल क्षेत्र के सिरतोली, त्यारसों, फड़का, लड़ी आदि गांवों में जनसंपर्क किया तथा चौपाल लगाकर समस्याएं सुनी। उन्होंने कई विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से सात लाख रुपये देने की भी घोषणा की। नागरिकों ने यहां के राजकीय इंटर कॉलेज को प्राथमिकता के आधार पर सड़क से जोड़ने, प्रवक्ताओं के रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने, सड़क विस्तार से बार-बार ध्वस्त हो रही कानाकोट पेयजल योजना का एलाइमेंट बदलने और खाद्य सुरक्षा अधिनियम में गांव की 80 फीसदी आबादी को शामिल करने की मांग की।
विधायक ने तल्ली लड़ी और घड़की मेला स्थल के विकास के लिए एक-एक लाख रुपये सिरतोली गांव के तीन लोक देवताओं के मंदिरों के सौंदर्यीकरण आदि कार्यों के लिए तीन लाख रुपये, त्यारसों में कुबेर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए डेढ़ लाख रुपये यहां एससी वर्ग के मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। उनके भ्रमण में प्रकाश माहरा, सुरेंद्र बोहरा, राजू भट्ट, नीरज बोहरा, हरीश भट्ट, गोपाल राम, गिरीश लाल, किशन सिंह देव, प्रकाश देव, कमल बोहरा, मनोज ओली, कमल माहरा, नरेश माहरा आदि साथ थे।

Related posts