गांवों को सड़क से जोड़ना प्राथमिकता

पधर (मंडी)। स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह और मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह ने सोमवार को द्रंग विधानसभा क्षेत्र की पंचायत भड़वाहण के सरौंझ, पंचायत कुफरी, बड़ीधार के पदवाहन,कुन्नू, पधर, उरला, सिलग, पाली और टांडू का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं।
कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में बिना भेदभाव के सम्मान रूप से विकास किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों को सड़कों से जोड़ने के कार्य को प्राथमिकता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऊपरी सरौंझ सड़क को शीघ्र तैयार कर लिया जाएगा। लुणी खड्ड पर निर्माणाधीन पुल के कार्य में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने देव पाईंदल में पुल बनाने के लिए संबंधित विभाग को प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पधर में भवन निर्माण को चार करोड़ 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। पीएचसी बड़ीधार में भवन निर्माण को 80 लाख मंजूर किए हैं।
सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने लोगों के उत्थान के लिए कई योजनाएं चलाईं हैं। मनरेगा योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में आशातीत बदलाव आया है। उन्होंने सांसद निधि से कुफरी में सामुदायिक भवन निर्माण को डेढ़ लाख, सरौंझ में खेल मैदान को डेढ़ लाख, बाड़ीधार सामुदायिक भवन निर्माण को दो लाख, सामुदायिक भवन कुन्नू 1.5 लाख, बाड़ी कलमादा में संपर्क मार्ग के लिए एक लाख, उरला स्कूल में स्टेज निर्माण को दो लाख और खजरी-गलमाठा सड़क को दो लाख देने की घोषणा की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, महासचिव वामन देव, द्रंग कांग्रेस अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर, एसडीएम विनय मोदी, खंड विकास अधिकारी सुभाष गौतम, लोनिवि के अधिशासी अभियंता एनके शर्मा, आईपीएच के पीएस राणा, जिप सदस्य रंजना ठाकुर, शारदा ठाकुर, भड़वाहण की प्रधान वीना देवी, उपप्रधान जीवानंद पुजारी, कुफरी के उपप्रधान ओम प्रकाश ठाकुर, बड़ीधार की प्रधान गीता देवी, समिति सदस्य नागण देवी, पंस सदस्य कुलदीप कुमार, सरोज कुमारी, केहर सिंह ठाकुर, भूप सिंह धरवाल, शिलग की प्रधान जया ठाकुर, पाली के प्रधान दुनी चंद, हरीश यादव और युकां महासचिव प्रेम सिंह मौजूद रहे।

Related posts