
राजगढ़ (सिरमौर)। जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की जिला सिरमौर इकाई के चुनाव के लिए राजगढ़ के अंबेदकर भवन में गहमागहमी रही। अध्यक्ष पद के लिए पहले तीन नामों पर चर्चा हुई जिसमें राजगढ़ यूनिट से पूर्व अध्यक्ष प्रदीप शर्मा तथा रमेश ठाकुर शामिल थे लेकिन राजगढ़ यूनिट ने आपसी बैठक करके प्रदीप शर्मा के नाम पर पहले ही सहमति बना दी।
उसके बाद जिला सिरमौर महासंघ की कुल 9 इकाइयों से आए करीब 200 कर्मचारियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई जिसमें प्रदीप शर्मा के अतिरिक्त शिलाई इकाई के गीता राम पराशर का नाम भी सामने आया। इन दोनों कर्मचारी नेताओं ने नामांकन भरे। अंत में कर्मचारियों ने एकता का परिचय देते हुए गीता राम पराशर का चुनाव सर्व सम्मति से कर दिया। पूर्व अध्यक्ष प्रदीप शर्मा जो तीन बार अध्यक्ष पद पर रह चुके थे उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया। इस प्रकार यह चुनाव सर्व सम्मति से संपन्न हुआ। प्रदीप शर्मा को मुख्य सलाहकार बनाया गया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष गीता राम पराशर ने कहा कि वह सभी के सहयोग से कर्मचारी हितों के लिए कार्य करेंगे। जो दायित्व उन्हें सौंपा गया है उसके अनुरूप कार्य करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी इकाइयों के पदाधिकारियों का उन्हें सहयोग देने के लिए और विशेष कर राजगढ़ यूनिट और पूर्व प्रधान प्रदीप शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी मिलजुल कर कर्मचारी हितों के लिए काम करते रहेंगे।
