गहने गायब, पुलिस के पास पहुंची महिला

भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थानांतर्गत कोहदड़ा (डमैहर) गांव की एक महिला के कुछ गहने गायब हो गए। महिला ने अपने भतीजे (जेठानी के लड़के) पर चोरी का संदेह जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसके भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोहदड़ा गांव की कमलेश कुमारी पत्नी स्वर्गीय रतनलाल ने बुधवार को भराड़ी थाना में शिकायत दर्ज कराई। कमलेश के अनुसार वह बरोटा स्कूल में जलवाहक का कार्य करती है। वह मकान की धरातल मंजिल पर अपने बच्चाें के साथ रहती है। उसके सास-ससुर ने अलग से दो मंजिला मकान सड़क के साथ बनाया है। पारिवारिक बंटवारा होने पर उसे रहने के लिए ऊपर की मंजिल दी गई, जिसके चलते वह सामान शिफ्ट कर रही थी। कमलेश के अनुसार गत मंगलवार को उसने अलमारी का लॉकर चेक किया। उसमें से सोने के आभूषण गायब पाए गए। कमरे में रखे पर्स से भी सोने के आभूषण नदारद थे। इन गहनों की कीमत लगभग 90 हजार है। इस कमरे में उसकी जेठानी का लड़का संजय कुमार रहता था। उसने संदेह जताया कि संजय ने ही उसके गहने चोरी किए हैं। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि कमलेश की शिकायत पर मामला दर्ज करके संदेह के आधार पर संजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

Related posts