
बिलासपुर/ झंडूता। गर्मी की दस्तक के साथ बिलासपुर जिला में पानी की छू मंतर होने लगा है। पसीने से तरबतर करने वाली गर्मी में लोग पानी के लिए दर-दर की ठोकरें खाने के लिए विवश हो गए हैं। विभाग का दावा है कि अभी स्थिति सामान्य है। शुरूआती दौर में ही पेयजल आपूर्ति घटने से आगामी महीनों को लेकर जिलावासी चिंतित हो गए हैं।
जिला के कई इलाकों में इन दिनों पानी का संकट चल रहा है। बिलासपुर शहर के रौड़ा सेक्टर में ही पानी की भारी किल्लत चल रही है। यहां खैरियां में लगे ट्यूब वैल की मोटर खराब हो गई है। इस वजह से पानी नियमित रूप से नहीं आ रहा। सिर्फ एक ही समय पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे लोगों की दिक्कतें बढ़ना स्वभाविक है। उधर, पूरे झंडूता कस्बे में दो-तीन दिनों से पानी की गंभीर समस्या चल रहा है। तीन दिन से कई स्थानों पर पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी। बिजली कट लगने के कारण यहां लोगों को पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही। इलाकावासी सुभाष कुमार, देवेंद्र, सुनील, अभय सिंह, राम नाथ, शकुंतला, निर्मला ने कहा कि दो दिन से उन्हें पानी की सप्लाई नहीं हुई। इस वजह से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। झंडूता उपमंडल के साई क्षेत्र में भी इन दिनों पानी की नियमित सप्लाई नहीं हो पा रही है। उधर, स्वारघाट, नयनादेवी, बरमाणा, शाहतलाई समेत कई इलाकों में पानी की आपूर्ति घट गई है। उधर, घुमारवीं डिवीजन के अधिशासी अभियंता पीडी शर्मा ने बताया कि अभी स्थिति सामान्य है। पानी का उतना अधिक संकट नहीं है। फिर भी फील्ड से डिटेल मंगवाई गई है ताकि जहां कमी चल रही है वहां समस्या का समाधान किया जाए। उधर, आईपीएच बिलासपुर डिवीजन के अधिशासी अभियंता पीसी ठाकुर ने कहा कि मोटर जल्द ठीक हो जाएगी।
