
सोलन। समय : सुबह 10:50 बजे। स्थान: पुलिस मैदान सोलन। वीरवार को सोलन का तापमान करीब 33 डिग्री के आसपास होगा। कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद… के नारे लगाते हुए कार्यकर्ता पुलिस मैदान की ओर जा रहे हैं। गेट पर पुलिस कर्मी एक-एक की जांच के बाद ग्राउंड में एंट्री करवाते हैं। ग्राउंड का नजारा अजीब। चारों ओर लगी कुर्सियां मात्र 10 फीसदी बुक। ऐसा लग रहा था, मानों आज कांग्रेस के लिए मैदान में भीड़ जुटाना मुश्किल हो जाएगा।
कुछ लोग धूप से बचने के लिए पेड़ाें की छांव में कुर्सियां लगाते दिखे। देशभक्ति के गानों के बीच कांग्रेसी कार्यकर्ता और पुलिस इंतजाम में जुटी है। समय 11:35 बजे पुलिस मैदान की ओर लोगों को हुजूम बढ़ने गया। मैदान में 50 फीसदी कुर्सियां भर जाती हैं। नेताओं के भाषण चलते रहे। भीड़ बढ़ती रही। समय 12:15 बजे दोपहर। मैदान भीड़ से खचाखच भर गया और तिल रखने की जगह भी नहीं बची। मैदान में जगह न मिलने से लोग पहाड़ियों पर बैठ गए। इसके बाद शुरू हुआ कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन। राहुल गांधी की रैली के लिए वीरवार को लोगों में खूब जोश दिखा। करीब 12:30 बजे तक मैदान और पहाड़ियों पर लोग ही लोग नजर आ रहे थे। चारों ओर केवल कांग्रेसी टोपियां व गले में कांग्रेसी पट्टा डाले लोग दिखाई पड़ रहे थे। राहुल गांधी की रैली करीब तीन बजकर सात मिनट पर समाप्त हुई, लोगों को मैदान से बाहर निकलने में करीब आधे घंटे का समय लग गया। भारी गर्मी के चलते भी समर्थकों का उत्साह कम नहीं हुआ। आमदिनों के हिसाब से वीरवार को सबसे गर्म दिन रहा। इसके बावजूद भी कांग्रेस समर्थकों का जोश कम नहीं हुआ।
नेशनल हाइवे पर लगा जाम
सोलन। राहुल की रैली के लिए लोगों में भारी उत्साह दिखा। नेशनल हाइवे 22 कुछ देर के लिए पूरी तरह जाम हो गया। बड़ी मशक्कत से पुलिस ने वाहनों की आवाजाही बहाल की। राहुल गांधी करीब 1.40 पर सोलन पहुंचे। उनके पहुंचते ही चंबाघाट से सोलन मालरोड की ट्रैफिक रोक दिया गया। जिसे कुछ देर के बाद खोल दिया गया।
10 विस क्षेत्रों के लोग पहुंचे
सोलन। रैली में शिमला संसदीय सीट के करीब 10 विस क्षेत्रों के लोग पहुंचे। इसमें सोलन, अर्की, दून, नालागढ़, कसौली, पच्छाद, नाहन, शिमला शहरी, शिमला ग्रामीण, रेणुका समेत अन्य विस क्षेत्रों के लोग मौजूद रहे। लोग पहाड़ों, मकानों की छतों पर चढ़कर राहुल गांधी को देखने पहुंचे।
झलकियां
मैदान में एक युवा ने बांधा समा
सोलन। मैदान में एक युवा कांग्रेस का झंडा हाथ में लिए तथा केसरी टोपी, सफेद कुर्ता और हरी धोती पहने नजर आया। व्यक्ति पूरे मैदान में घूमता रहा तथा ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’-‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद’ के नारे लगाता रहा। इस युवा ने सबको अभिवादन किया।
ढोल नगाड़ों के साथ पहुंचे लोग
सोलन। मैदान में अलग-अलग क्षेत्रों से लोग नाटियां डालते व ढोल नगाडे़ बजाते हुए चलते रहे। यह सिलसिला करीब 12:30 बजे तक जारी रहा। इसके बाद लोग कुर्सियों पर बैठ गए। राहुल गांधी के पहुंचते ही न कोई बाहर आ सका न कोई अंदर।
चुटकियां
राहुल बोले, यह बहुत होशियार है
सोलन। राहुल गांधी के भाषण के दौरान युवा कमेंट करते रहे। जब राहुल ने भाजपा के घोषणा पत्र की बात की, तो भीड़ से एक युवा ने कहा कि फोटो कापी होगी। राहुल ने तुरंत कहा यह बहुत होशियार है। यह पहले ही बोल देता है।
सीएम ने ली चुटकी तो सब हंस पड़े
सोलन। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भाषण के दौरान कहा कि भाजपा के अन्य बडे़ नेताओं का कोई पता नहीं। केवल मोदी है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि ‘दिल के टुकडे़ हजार हुए कोई यहां गिरा कोई वहां गिरा… सभी लोग यह सुनकर हंस पडे़।
पानी पानी को तरसे लोग
सोलन। तेज गर्मी ने खूब बेहाल किया। लोगाें को पानी के लिए खूब तरसना पड़ा। हालांकि कांग्रेस ने आयोजन स्थल पर सारे इंतजाम किए थे, लेकिन भारी भीड़ के चलते यह इंतजाम भी कम पड़ गए।
