
पुखरी (चंबा)। ग्राम पंचायत चकलू के चीणू गांव में जल संकट खड़ा हो गया है। दस दिन से पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। पेयजल आपूर्ति बाधित होने से गांव में पानी की समस्या से 150 लोगों की आबादी त्रस्त है। उपमंडल कोटी में विभागीय अधिकारियों को सूचित करने के बाद भी पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। गांव में खेतीबाड़ी का कार्य जोरों से चला हुआ है। नलों में पानी न आने से ग्रामीणों में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के प्रति रोष है।
मनजीत सिंह, धर्म सिंह, अमर सिंह, विजय कुमार, मुकेश कुमार, सन्नी कुमार का कहना है कि इस बारे में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग को सूचित कर दिया है, पर पानी की सप्लाई बहाल नहीं हो पाई है। गांव में इन दिनों मक्की और घास की कटाई के चलते ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से पेयजल की समस्या का समाधान कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। इस बारे में कोटी उपमंडल के कनिष्ठ अभियंता देसराज ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों को पेयजल की सप्लाई ठीक करने के लिए भेज दिया है, जल्द लोगों की समस्या हल कर दी जाएगी।
