
काशीपुर। महिला के गर्भ में बच्चे की मौत पर गुस्साए परिजनों ने प्राइवेट अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर सभी लोग भाग गए। अस्पताल के डाक्टर ने तोड़फोड़ करने वालों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
मुरादाबाद रोड स्थित सूद अस्पताल की डा. मीनू सूद ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराकर कहा कि वह रविवार शाम अस्पताल में थीं। तभी आवास-विकास निवासी ज्योति तुली के परिजन अस्पताल आए और उसकी तबियत खराब होने की बात कही। डाक्टर के मुताबिक गर्भवती अपने घर पर ही गिर गई थी जिसकी वजह से उसे काफी चोट लगी हुई थी। उन्होंने गर्भवती को अल्ट्रासाउंड के लिए दूसरी जगह भेज दिया। जहां रिपोर्ट में बच्चा गर्भ में ही मृत पाया गया। इससे बौखलाएं महिला के परिजन अस्पताल पहुंचे और सीधे तोड़फोड़ व मारपीट पर उतारू हो गए। अस्पताल के कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की गई।
आरोप लगाया कि मारपीट में एक भर्ती मरीज के रिश्तेदार सुरेश का हाथ भी टूट गया और कई मरीजों को भी चोंटे आई। डा. मीनू के मुताबिक शोरगुल सुनकर वह आई तो उसके साथ भी गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने एक कमरे में घुसकर जान बचाई। पुलिस ने डा. मीनू सूद की तहरीर पर मरीज ज्योति तुली के परिजनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 325, 504, 506, 427 में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
