
धारचूला। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित गर्ब्यांग गांव में खाद्यान्न संकट पैदा हो गया है। इसकी वजह से कई परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। पैदल मार्गों के क्षतिग्रस्त होने से इस समय गांव में 400 से अधिक लोग फंसे हुए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर उचित कार्यवाही की मांग की है।
नव युवक संघ के अध्यक्ष कृष्ण सिंह ने फोन पर बताया कि अमूमन गांव में रहने वालोें लोगों की संख्या 100 के आसपास रहती है। मगर पूजा होने की वजह से इस समय गांव में 400 से अधिक लोग जमा है। बताया कि विगत दिनों हुई भारी बारिश की वजह से मालपा से लखनपुर तक का रास्ता बंद चल रहा है। इस वजह से गांव के लोग धारचूला पहुंचने में असमर्थ है। राशन खत्म होने से गांव की स्थिति बेहद खराब हो गई है। धारचूला के उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि गांव के लिए पैदल मार्ग से खाद्यान्न भेज दिया गया है। मार्ग क्षतिग्रस्त होने की वजह से अभी राशन पहुंचने में चार दिन का समय और लग सकता है। इसकी सूचना आला अधिकारियों को दे दी गई है।
