
रामपुर बुशहर। एसएफआई इकाई रामपुर की बैठक का आयोजन पार्टी कार्यालय चाटी में किया गया। बैठक की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष मुकेश सिंघानिया ने की। इस दौरान निर्णय लिया गया कि 20 मई को एसएफआई रामपुर के विभिन्न स्कूलों में प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन करेगी। इसके अलावा बैठक में फीस बढ़ोतरी पर भी विस्तार से चर्चा की गई। यह भी साफ किया गया कि अगर रामपुर में चल रहे नामी निजी स्कूलों में सरकार के आदेशों को मानते हुए गरीब बच्चों को प्रवेश नहीं दिया गया तो इसके विरोध में आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर महासचिव रुचिका वजीर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आदेश जारी किए हैं कि निजी स्कूलों में 25 फीसदी गरीब बच्चों को प्रवेश मिलेगा। उन्होंने कहा कि रामपुर के डीएवी और झाकड़ी के डीपीएस दोनों ही बड़े स्कूल हैं। लेकिन, इनमें अब तक सरकारी आदेशों को नहीं माना गया है। उन्होंने कहा कि डीपीएस को विभिन्न माध्यमों से सरकार द्वारा लाखों रुपये अदा किए जाते हैं, लेकिन यहां पर गरीब लोगों के बच्चों को प्रवेश नहीं दिया जाता है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि रामपुर के उक्त दोनों स्कूलों में भी सरकारी आदेश लागू किए जाएं। एसएफआई ने साफ किया कि अगर उक्त स्कूलों में सरकारी आदेश लागू नहीं किए गए एसएफआई इसके विरोध में आंदोलन शुरू करेगी। वहीं उन्होंने कहा कि 20 मई को होने वाली प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ऊपरी शिमला के सभी स्कूल भाग लेंगे।
