गरली में चोरों ने तोड़ डाला एटीएम

रक्कड़ (कांगड़ा)। गरली में चोरों ने यूको बैंक के एटीएम को तोड़कर सनसनी फैला दी। हालांकि चोर एटीएम से पैसा चुराने में असफल रहे हैं। लोगों को कहना है कि इलाके में ऐसी घटना पहली बार घटी है। लगता है चोरों को पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रहा। बहरहाल, पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात को चोरों के एक गिरोह ने धरोहर गांव गरली में स्थित यूको बैंक के एटीएम को तोड़कर उससे रुपये चुराने का प्रयास किया गया। लेकिन, चोर एटीएम से पैसा चुराने में असफल रहे हैं। वहीं, सड़क से गुजरने वाले स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह एटीएम को टूटा पाया तो इसकी सूचना तुरंत यूको बैंक के प्रबंधक बीडी माथुर और पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया गया। उन्होंने एटीएम में फिंगर प्रिंट की जांच की। बताया जा रहा है कि चोर गिरोह ने सबसे पहले बिजली के मीटर का फ्यूज निकाला और उसके पश्चात एटीएम की वायरिंग को काटा। चोरों ने मशीन के ऊपरी हिस्से को खोल दिया। लेकिन, एटीएम मशीन में रखी राशि तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो पाए। कंपनी ने एटीएम मशीन का रख-रखाब करने वाली कंपनी को सूचित कर दिया है। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज से चोरों की पहचान कर रही है। यहां पर एटीएम चार माह पहले ही लगाया गया है। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Related posts