
रुड़की/भगवानपुर। पुलिस-प्रशासन की छापेमारी के बाद भी घाड़ क्षेत्र की नदियों में चोरी छिपे रात के समय खनन किया जा रहा है। राजाजी पार्क की चीलावाली रेंज से निकलने वाली लालौ नदी में सोमवार रात को जेसीबी से खनन कर ट्रैक्टर ट्रालियों से ठिकानों तक पहुंचाया गया। ग्रामीणों की ओर से सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। वहीं, पुलिस-प्रशासन किसी तरह की शिकायत और खनन से इनकार कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात को राजाजी नेशनल पार्क की चीलावाली रेंज से आने वाली लालौ नदी में शहीदवाला ग्रंट के पास खनन होता रहा। ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय दो जेसीबी खनन कर रही थीं और कई ट्रैक्टर ट्रालियों से खनन सामग्री ढोई जा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, इसकी सूचना रात को ही बुग्गावाला थाना पुलिस को दी, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि फार्म हाउस मालिक ने भरान के लिए रेत और मिट्टी का खनन करवाया। मालूम हो कि घाड़ क्षेत्र में कई फार्म हाउस हैं। गर्मी के मौसम में ज्यादातर फार्म हाउस मालिक यहां पहुंच जाते हैं। फार्म हाउसों के अंदर कई तरह के निर्माण कार्य करवाए जाते हैं। बताया जाता है कि पुलिस से मिलकर फार्म हाउस मालिक नदियों से खनन सामग्री चोरी छिपे उठा रहे हैं। सोमवार रात को हुए खनन को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन ग्रामीणों की ट्रैक्टर ट्राली और बुग्गियों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली पुलिस ने जेसीबी से हो रहे खनन को रोकने की जहमत नहीं उठाई।
बुग्गावाला थानाध्यक्ष जवाहर लाल का कहना है कि ग्रामीणों की तरफ से कोई सूचना पुलिस को नहीं मिली। सोमवार रात को बुग्गावाला के साथ भगवानपुर थाने की पुलिस ने क्षेत्र में संयुक्त गश्त अभियान चलाया। इस दौरान कहीं भी कोई खनन करते हुए नहीं मिला।
