गनियाद्योली-सिंगोली मोटर मार्ग फिर बंद

रानीखेत। अतिवृष्टि के चलते गनियाद्योली-सिंगोली मोटर मार्ग फिर बंद हो गया है। कल्वर्ट बहने से सारा मलबा मार्ग पर आ गया है। वाहन नहीं चलने से ग्रामीणों को खासी परेशानी हो रही है। उधर गनियाद्योली बाजार में निकास नालियां नहीं होने से बारिश का पानी घरों के अंदर घुसने लगा है।
गनियाद्योली-सिंगोली मोटर मार्ग 30 साल बाद भी बनकर तैयार नहीं हो सका है। डामरीकरण नहीं हुआ, निकास नालियां नहीं होने से बारिश के पानी ने कल्वर्ट तोड़ दिए हैं। जिससे मार्ग पर वाहन नहीं चल पा रहे हैं। ग्रामीणों ने अतिशीघ्र मार्ग की हालत नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इधर गनियाद्योली बाजार में बारिश के कारण कृष्णाविला से पानी की टंकी तक मलबा जमा हो गया है। कई स्थानों पर पानी घरों के अंदर घुसने लगा है। स्थानीय निवासी पीतांबर नैनवाल का कहना है कि लोनिवि के अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन कोईभी मौके पर नहीं पहुंचा। गनियाद्योली के ऊपर छावनी का जंगल है। लालकुर्ती का सारा निकासी का पानी गनियाद्योली के ऊपर गिरता है। ऐसे में कल्वर्ट और नालियां चोक होने से बरसाती पानी घरों के अंदर घुस रहा है।

Related posts