
पौड़ी। गढ़वाल मंडल में बरसात से बंद सड़कों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंडल में बंद सड़कों की मंगलवार तक 452 थी लेकिन अब यह बढ़कर 501 हो गई है। जिसमें सर्वाधिक 168 सड़कें टिहरी जिले की हैं। मंडल में 501 सड़कों पर अभी भी यातायात का पहिया जाम है। बंद सड़कों में सर्वाधिक 168 सड़कें जिले की, 123 पौड़ी, 52 उत्तरकाशी, 66 चमोली, 30 रुद्रप्रयाग, 49 देहरादून, 13 हरिद्वार की सड़कें शामिल हैं। लोनिवि के मुख्य अभियंता आरपी भट्ट ने बताया कि सभी सड़कों को खोलने की अलग-अलग तिथि निर्धारित की गई है। कुछ सड़कों को खुलने में लंबा समय भी लग सकता है।
बंद सड़कों को खोलने में लगीं 51 जेसीबी
पौड़ी। जिले में बंद सड़कों को खोलने में 51 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। जिनमें से सतपुली व्यासघाट देवप्रयाग मोटर मार्ग, बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई सड़कों पर चार-चार जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता मुलायम सिंह ने बताया कि पौड़ी जिले में सतपुली व्यासघाट देवप्रयाग, बुआखाल रामनगर समेत 123 सड़कें अभी भी बंद हैं। जिनमें प्रांतीय खंड पौड़ी की 25, निर्माण खंड पौड़ी नौ, निर्माण खंड श्रीनगर 35, निर्माण खंड बैजरों 13, प्रांतीय खंड लैंसडौन 13, निर्माण खंड दुगड्डा आठ, एनएच धूमाकोट एक, पीएमजीएसवाई कोटद्वार 14, सिंचाई खंड कोटद्वार की पांच सड़कें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बंद सड़कों को खोलने के लिए काम चल रहा है।
