
पौड़ी। नई स्थानांतरण नीति के तहत गढ़वाल मंडल के 175 प्रवक्ताओं और 341 एलटी शिक्षकों का अनिवार्य स्थानांतरण कर दिया गया है। इसके तहत 86 प्रवक्ताओं और 147 एलटी शिक्षकों का तबादला मैदानी इलाकों से पहाड़ के विद्यालयों में किया गया है। स्थानांतरित शिक्षकों को जुलाई माह के प्रथम सप्ताह में कार्यभार ग्रहण करना होगा। संबंधित स्कूलों में प्रधानाचार्यो और प्रधानाध्यापकों को स्थानांतरित शिक्षकों को निर्धारित तिथि पर कार्यमुक्त करने को निर्देशित किया गया है।
मंडल अपर शिक्षा निदेशक एनएस राणा ने बताया कि नई स्थानांतरण नीति के मंडल में किए अनिवार्य स्थानांतरण की सूची जारी कर दी गई है, इसे नेट पर भी डाल दिया गया है। उन्होंने बताया कि मंडल में 175 प्रवक्ताओं और 341 एलटी शिक्षकों के तबादले किए गए हैं।
प्रवक्ता वर्ग में पर्वतीय क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे 89 प्रवक्ताओं को पहाड़ से मैदानी क्षेत्रों के स्कूलों में स्थानांतरित किया गया है। इनमें दो प्रवक्ता महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों के स्कूलों में सेवाएं दे रहे 86 प्रवक्ताओं को पहाड़ के विद्यालयों में स्थानांतरित किया गया है। इनमें 22 महिलाएं प्रवक्ता शामिल हैं।
मंडल में स्थानांतरित किए गए 341 एलटी शिक्षकों में से 194 को पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूलों से मैदानी क्षेत्रों के स्कूलों में भेजा गया है। इनमें दो महिला शिक्षिकाएं भी हैं। इसके अतिरिक्त मैदानी क्षेत्रों में कार्यरत 147 एलटी शिक्षकों को मैदान से पर्वतीय स्कूलों में भेजा गया है। इनमें 46 महिला शिक्षिकाएं शामिल हैं। मंडल अपर शिक्षा निदेशक ने दैवीय आपदा को देखते हुए स्थानांतरित शिक्षकों को जुलाई माह के प्रथम सप्ताह में नई जगहों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। सूची वेबसाइट uk.schooleducation.in पर देखी जा सकती है।
