गढ़वाल केंद्रीय विवि में होगी 60 असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति

श्रीनगर। यूजीसी रेगुलेशन 2009 के अधीन हाईकोर्ट में दायर याचिका के खारिज होने के बाद अब एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि में करीब 60 असिस्टेंट प्रोफेसर इसी सप्ताह नियुक्ति ले लेंगे। विवि प्रशासन ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रेषित कर दिए हैं।
गढ़वाल विवि के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, स्कूल ऑफ साइंस, स्कूल ऑफ लाइफ साइंस, स्कूल ऑफ अर्थ साइंस, स्कूल ऑफ लैंग्वेज तथा स्कूल ऑफ सोशल साइंस के लिए प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर तथा असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर नियुक्तियाें के लिए वर्ष 2011 में विज्ञप्ति जारी की गई थी। इन नियुक्तियों के लिए मार्च 2012 तक साक्षात्कार आयोजित हुए, जिनमें 100 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था।
तब गढ़वाल विवि में कार्यरत अंशकालिक शिक्षकों ने उन्हें साक्षात्कार में न बुलाने पर यूजीसी रेगुलेशन 2009 का विरोध किया और हाईकोर्ट चले गए। बीते सप्ताह कोर्ट ने यूजीसी रेगुलेशन 2009 को लागू करने की जरूरत बताते हुए अंशकालिक शिक्षकों की याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट का फैसला पहुंचते ही हरकत में आए गढ़वाल विवि प्रशासन ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर नियुक्ति के लिए छूटे करीब 60 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए हैं। ये सभी अभ्यर्थी स्कूल ऑफ अर्थ साइंस, लैंग्वेज तथा सोशियल साइंस के हैं। कुलसचिव प्रो. पीएस राणा ने बताया कि इसी सप्ताह सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति दे दी जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रेषित किए जा चुके हैं।

Related posts