
हल्द्वानी। हाथी के उत्पात से परेशान रामपुर रोड स्थित ग्रामीणों का पारा बुधवार को चढ़ गया। ग्रामीणों ने तराई केंद्रीय वन प्रभाग कार्यालय पर प्रदर्शन करने के साथ डीएफओ एसपी सिंह का घेराव किया। प्रदर्शन के चलते कार्यालय में कामकाज भी थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुआ।
तराई केंद्रीय वन प्रभाग में करीब 15 साल बाद 12 से 13 हाथियों का झुंड घूम रहा है और उत्पात मचा रहा है। हाथी रामपुर रोड पर स्थित आंनदपुर, गुसाईपुर, पुरनपुर, पांडेनवाड़ आदि गांवों में फसलों को नष्ट कर रहे हैं। कई हेक्टेयर खेतों में लगा गन्ना, सोयाबीन, धान की फसल प्रभावित हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के झुंड आने से सुरक्षा को लेकर भी खतरा उत्पन्न हो गया है। वन विभाग ने सुरक्षा के दावे किए लेकिन अभी तक कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए हैं। वनाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। घेराव करने वाले भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह दरम्वाल, गोपाल बिष्ट, किशन सिंह बिष्ट, भवान सिंह, बच्ची सिंह, टीकम सिंह, मह्रेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, संदीप सिंह, हीरा सिंह, मनमोहन सिंह, जानकी देवी, पदमा देवी, सावित्री, हेमा, मुन्नी देवी आदि शामिल थे।
