
धर्मशाला। गगल में हवाई उड़ान की पहली बाधा दूर हो गई है। कांगड़ा-दिल्ली के मध्य शीघ्र ही स्पाइसजेट एयरवेज विमानन कंपनी की हवाई सेवाएं आरंभ होने की घोषणा होते ही होटल कारोबारियों और टैक्सी आपरेटरों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं। हवाई सेवा के लिए आरंभिक सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। अब एयरक्राफ्ट मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी कंबोडिया को इस उड़ान के लिए प्राधिकृत किया गया है।
शहरी विकास, नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री सुधीर शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सतत प्रयासों के फलस्वरूप इस एयरपोर्ट पर पुन: हवाई सेवाएं बहाल हो रही हैं। उन्होंने बताया कि 70 यात्रियों की क्षमता वाले स्पाइसजेट विमान की उड़ान कांगड़ा-चंडीगढ़ और दिल्ली के मध्य होगी। जबकि पर्यटन सीजन में यह सेवा सीधी कांगड़ा और दिल्ली के मध्य होगी। इससे जिले में पर्यटन गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को परोक्ष अथवा अपरोक्ष रूप से रोजगार भी सुनिश्चित होगा। सुधीर शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया तथा एयरक्राफ्ट मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी कंबोडिया द्वारा इस उड़ान को शुरू करने के लिए क्लीयरेंस दे दी गई है।
पहली अक्तूबर, 2012 से कांगड़ा हवाई अड्डे पर किंगफिशर कंपनी की विमानन सेवाएं बंद हो गई थीं। इससे खासकर पर्यटकों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय स्तर पर टैक्सी, होटल इत्यादि व्यवसायियों का रोजगार भी प्रभावित हुआ था।
