गंगोत्री कंस्ट्रक्शन को कारण बताओ नोटिस

डीडीहाट। थल से ओगला तक की सड़क सुधारीकरण का काम कर रही गंगोत्री कंस्ट्रक्शन कंपनी को नोटिस जारी हुआ है। काम में देरी की वजह से एडीबी (एशियन विकास बैंक) ने यह नोटिस जारी किया गया है। 34 किलोमीटर लंबे मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण में दो करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च होनी है। कार्यदाई संस्था ने छह माह से सड़क की सुध नहीं ली है इसकी वजह से सड़क खतरनाक बनी हुई है।
डीडीहाट में 14 जून को हुए डीएम के जनता दरबार में राज्य आंदोलनकारी जोध सिंह बोरा ने 34 किलोमीटर लंबे थल-ओगला सड़क का काम ठप होने का मामला उठाया था। जिस पर जिलाधिकारी डा.नीरज खैरवाल ने विभाग के सहायक अभियंता जीएस राणा को कार्यदाई संस्था को नोटिस भेजने के आदेश दिए थे। रोड की हालत खराब होने से कैलास-मानसरोवर की यात्रा पर निकले पहले जत्थे के यात्रियों को थल से सानदेव के बीच दो बार वाहन से उतरकर पैदल चलना पड़ा था।
एई जीएस राणा ने बताया कि डीएम के निर्देशों के अनुपालन में कार्यदायी संस्था को कारण बताओ नोटिस भेज दिया है। वहीं ठेकेदार बिजेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यदायी संस्था ने रोड का काम स्थानीय ठेकेदारों को दिया था। जिसका भुगतान अब तक नहीं हो सका है।

Related posts