
काशीपुर। एसडीएम डा. आशीष श्रीवास्तव ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारियों के साथ गंगे बाबा-स्टेडियम मार्ग को बाईपास बनाने के लिए स्थलीय निरीक्षण किया।
काशीपुर शहर की बाईपास समस्या का समाधान निकालने के लिए एसडीएम और लोनिवि के अधिकारियों ने कवायद तेज कर दी है। एसडीएम ने लोनिवि के अधिकारियों के साथ रामनगर मार्ग पर स्थित गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब के गेट से स्टेडियम रोड, नागनाथ मंदिर, गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब के सामने से गुरुद्वारा के दक्षिण से गंगे बाबा रोड शमशान घाट से ढेला पुल पार कर बैलजुड़ी मोड़ तिराहा पर जसपुर से आ रहे मुख्य सड़क तक का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य इस मार्ग को नगर के बाईपास मार्ग के रूप में विकसित करना है। एसडीएम ने इसके लिए लोनिवि को इस मार्ग की चौड़ाई मापने, अतिक्रमण चिह्नित करने के बाद लागत का आंकलन करने का निर्देश दिया। लोनिवि के अधिशाषी अभियंता जीसी विश्वकर्मा ने बताया कि सर्वे कार्य आरंभ हो गया है।
एसडीएम डा. श्रीवास्तव ने कहा कि इस मार्ग के बनने पर जसपुर की ओर से रामनगर जाने वाले छोटे-बड़े वाहन इसी मार्ग से गुजरेंगे। इससे नगर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
