गंगथ में निजी बस पलटी, 25 घायल

नूरपुर (कांगड़ा)। गंगथ-वरडां मार्ग पर अटाहड़ा के समीप वीरवार दोपहर करीब साढे़ 12 बजे एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे करीब 30 मीटर नीचे खाई में पलट गई। हादसे में बस में सवार 25 यात्री घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद बस का ड्राइवर व कंडक्टर दोनों मौके से फरार हो गए। घायलों को नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार वीरवार को एक निजी बस गंगथ से वरडां-कंडवाल वाया अटाहड़ा जा रही थी। गंगथ से करीब 5 किलोमीटर दूर अटाहड़ा के समीप ढब्बर गांव में अचानक एक अन्य वाहन को पास देते समय बस का टॉयर कच्ची जगह धंस गया। बस अनियंत्रित होकर खेतों में पलट गई। ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। चार यात्रियों को गंगथ सीएचसी में दाखिल करवाया गया। नूरपुर अस्पताल के प्रभारी डा. एसके महाजन की अगुवाई में डा. आमोद सिंह, डा. मुकेश, डा. निशांत, डा. प्रताप सिंह, डा. एसडीएस मन्हास व डा. मोहन की टीम ने बस हादसे में घायल यात्रियों का प्राथमिक उपचार किया।

घायलों की सूची
घायलों में युगवीर सिंह (55) पुत्र मान सिंह गांव रिट वासा, देवराज (44) पुत्र जैसी राम गांव रिट वासा, बुआदिता (68) पुत्र पृथी सिंह गांव समरेल (वरडां), तृप्ता देवी (38) पत्नी जरम सिंह गांव जनेरा (डैकवां), अंजू बाला (30) पत्नी दयाल सिंह गांव अटाहड़ा व उसके दो बच्चे साहिल (13), कंचन (11), राकेश सिंह (40) पुत्र गगन सिंह गांव समरेल, बीना देवी (35) पुत्र राकेश कुमार गांव समरेल, रमेश देवी (46) पत्नी जोगिंद्र सिंह गांव सरी अटाहड़ा, विजय रानी (36) पत्नी दीपराज गांव जनेरा, कृष्णा देवी (55) पत्नी कर्म चंद गांव धार वरडां, दर्शना (40) पत्नी अश्वनी गांव धार वरडां, मंगी शर्मा (58) पुत्र रफ्फू राम धार वरडां, कमला देवी (47) पत्नी जगदीश चंद गांव वरडां, जैसी राम (70) पुत्र नानक चंद गांव रिट, मधु बाला (50) पत्नी हरभजन सिंह गांव अटाहड़ा, लक्ष्मी (45) पत्नी मंगी शर्मा गांव अटाहड़ा, राधा (21) पुत्री जरम सिंह गांव जनेरा, अशोक सिंह (55) पुत्र रतन सिंह गांव रिट उपरली, नरेंद्र पठानिया गांव रिट, अशोक (85) गांव रिट, कुंती देवी (30) गांव रिट, थूडू राम (63) व रण सिंह (59) गांव रिट शामिल हैं।

घायलों का कुशलक्षेम पूछा
अस्पताल पहुंचे एसडीएम अश्विनी सूद ने घायलों का निशुल्क उपचार करवाने और गंभीर घायल यात्रियों को उचित आर्थिक मदद देने की बात की है। इंदौरा विस क्षेत्र के विधायक मनोहर धीमान, नूरपुर हलके के पूर्व विधायक राकेश पठानिया व नूरपुर जिला भाजपा के महासचिव रणवीर सिंह ने भी नूरपुर अस्पताल का दौरा तथा घायलों का कुशलक्षेम पूछा। घायलों में ज्यादातर बस यात्री अटाहड़ा, वरडां, डैकवां व रिट के रहने वाले हैं। डीएसपी नूरपुर राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts