
मंडी। जिले में भारी बारिश ने लोगाें को रुला कर रख दिया है। बारिश से खोलानाला में कई बीघा भूमि बह गई। गोशालाएं ढहने से मवेशी दबकर मर गए। लगातार हो रही बारिश से यहां कई गांवों को जानमाल सहित संपत्ति का नुकसान हुआ है। मंगलवार को ग्राम पंचायत खोलानाला के प्रभावित लोग अतिरिक्त उपायुक्त मंडी के द्वार पहुंचे। पंचायत समिति सराज के पूर्व अध्यक्ष सूरजमणि चौहान की अगुवाई में लोगाें ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई।
सूरजमणि चौहान ने बताया कि बाढ़ से गांव खोलानाला सहित शैहनू, छमार, शारटी तथा खाहरी में ढाई दर्जन परिवारों की करीब 50-60 बीघा उपजाऊ भूमि धंस गई है। जगह-जगह ल्हासे गिरने से फसल भी चौपट है। खोलानान गांव में झाथू राम, वेदराम, रघु राम, प्रेम सिंह, हेम सिंह, पूर्ण चंद, शिवराम, शैहनू में सजा राम, देवी सिंह, कौला राम, प्रीतम, हुक्म चंद, मदन लाल, इंद्र सिंह, छमार गांव में मणी राम, डुमणू राम, हरि सिंह, राम सिंह, सेवक राम, गोविंद राम, शारटी में मान सिंह, हुक्म चंद, शोभा राम, इंद्र सिंह, लजे राम तथा खाहरी में लाल दास, प्रेमू एवं भान सिंह की उपजाऊ भूमि बही है। भूस्खलन से हनोगी से खोलानाल खच्चर मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है। जिससे लोगाें को आवागमन में मुश्किलें हो रही हैं। उधर, पंचायत प्रधान हेती देवी ने बताया कि गौरव राम निवासी सलैण की 3 गोशालाएं ढह गईं। जिसमें 3 जर्सी गाय, बैलाें की जोड़ी तथा बकरियां दब गईं। राप्रापा शैहनू के दो शौचालय, खेल मैदान तथा मनरेगा के तहत बनाया एक टैंक तबाह हो गया है। थाटी में लजे राम के दो रसोईघर, सैंग्पुर में देवी राम की गोशाला ढह गई।
