खोड़ के जंगल में चली कुल्हाड़ी

फतेहपुर (कांगड़ा)। वन विभाग की फतेहपुर बीट के तहत खोड़ के नजदीकी जंगल में सोमवार रात वन काटुओं ने खैर के 15 पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और वन काटु खैर के पेड़ों सहित एक बाइक और 4 आरा मशीनें मौके पर छोड़कर भाग गए। वन विभाग ने खैर के पेड़ों के अवैध कटान की एफआईआर फतेहपुर पुलिस थाने में दर्ज करवा दी है। बीट अफसर पंजाब सिंह ने बताया कि वन काटुओं की ओर से काटे गए खैर के पेड़ों को कब्जे में ले लिया गया है तथा इसकी फतेहपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है। काटे गए पेड़ों की अनुमानित कीमत करीब 86 हजार के आसपास बनती है। उधर, फतेहपुर के थाना प्रभारी तिलक राज ने बताया कि वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने वन काटुओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जबकि, जंगल से बरामद की गई बाइक बिना नंबर की है। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है।

प्रशिक्षु छात्रों को किया जागरूक
फतेहपुर (कांगड़ा)। स्वास्थ्य खंड इंदौरा के तत्वावधान में आईटीआई केंद्र धमेटा में एड्स पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग के फतेह चंद ठाकुर ने प्रशिक्षु छात्रों को एड्स के बारे में जागरूक किया। एड्स विषय पर एक भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर आईटीआई का पूरा स्टाफ और छात्र मौजूद रहे।

Related posts