खैरी पेयजल योजना की पाइपों पर मलबा

नाहन (सिरमौर)। खैरी पेयजल योजना की एक दर्जन से अधिक पेयजल पाइपें मलबे में दब गई हैं। खैरी में तड़के 40-50 मीटर तक का भू-भाग तेज बारिश के चलते मिट्टी तथा गाद से पूरी तरह से भर गया है। नाहन शहर को दी जाने वाली पेयजल सप्लाई भी इसकी चपेट में आ गई है। सप्लाई में लगी कुछ पाइपें पूरी तरह से उखड़ गई है। भंडारीवाला के पास आईपीएच विभाग की महत्वपूर्ण ट्यूबवैल से जुड़ी पाइपें टूट गई हैं। इनमें से अधिकतर लाइनें अभी भी भारी मलबे के नीचे दबी हुई हैं। आईपीएच विभाग के 2 दर्जन से अधिक कर्मचारी रविवार देर रात 11 बजे तक पाइपों को जोड़ने का काम करते रहे। मौके पर कई पाइपों की वैल्डिंग की जा रही है। खैरी पेयजल योजना उखड़ने से नाहन शहर के 75 फीसदी इलाकों में पिछले 3 दिन से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। शिमला रोड, यशवंत विहार, आईटीआई क्षेत्र, गुन्नू घाट, बीडीओ कार्यालय मार्ग, कोर्ट रोड़, विला राउंड क्षेत्र, बड़ा चौक, छोटा चौक, कच्चा टैंक, अपर स्ट्रीट कालोनी, बस स्टैंड, नया बाजार, पूर्विया मोहल्ला, ढाबों मोहल्ला तथा रामकुंडी क्षेत्र सहित कई इलाकों में पीने के पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
बीडीओ कार्यालय मार्ग के तकरीबन तीन दर्जन से अधिक घरों में पानी की आपूर्ति ठप है। यहां के निवासी राम प्रसाद, राजेश कुमार, नरेश कुमार, जयदीप, देवराज शर्मा, उदय कुमार, मोहन सिंह, सुभाष चौहान, अशोक शर्मा ने बताया कि पानी के लिए क्षेत्र में हाहाकार मचा हुआ है।

खैरी स्थित महत्वपूर्ण ट्यूबवैल से जुड़ी पेयजल पाइपें कई स्थानों पर भारी मलबे में दबी हैं। क्षेत्र में लगातार तेज वर्षा के कारण विभाग के कर्मचारियों को पाइपें जोड़ने में बाधा आ रही है। अभी भी कई पाइपें दबी हैं। सप्लाई खराब होने के कारण शहर के कई टैंकाें में पानी नहीं पहुंच पा रहा। कर्मचारी दिन रात काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि मंगलवार सुबह तक व्यवस्था काबू में आएगी।
– संतोष कुमार ठाकुर, एसडीओ आईपीएच, नाहन

Related posts