खेलों के प्रति गंभीर नहीं शिक्षा विभाग

बागेश्वर। शिक्षा विभाग के तत्वावधान में हरिद्वार में होने वाली राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी भाग लेंगे। इस बार पहली बार खिलाड़ी संकुल स्तरीय प्रतियोगिता के बाद बगैर ब्लाक और जिला स्तरीय प्रतियोगिता खेले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। ट्रायल के भरोसे ही उनसे प्रथम आने की उम्मीद की जा रही है।
मालूम हो कि पूर्व में शिक्षा विभाग बच्चों की संकुल, ब्लाक और जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता करता था। जिला स्तर पर अव्वल आने वाले खिलाड़ी राज्य स्तर पर प्रतिभाग करते थे, लेकिन इस बार विभाग ने शार्ट कट तरीका अपनाया है। उन्होंने संकुल स्तरीय प्रतियोगिता के बाद ब्लाक और जिला स्तरीय प्रतियोगिता नहीं कराई। सोमवार को सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीम तैयार की गई। संकुल स्तरीय प्रतियोगिता के अव्वल रहे खिलाड़ी अब राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 13 नवंबर से हरिद्वार में खेली जाएगी। इस शार्ट कट तरीके से प्रतियोगिता तो हो जाएगी, लेकिन गुणवत्ता कैसी होगी यह आने वाला समय ही बताएगा। विभाग बच्चों के भविष्य प्रति गंभीर नहीं दिखता। इधर जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक रामेंद्र कुशवाहा ने बताया कि इस बार मात्र 35 हजार रुपये का बजट है। जिससे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया जा सकता है। छह नवंबर को उन्हें विभाग से पत्र मिला है कि 13 से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होनी है। समय और बजट के अभाव में ब्लाक और जिला स्तरीय प्रतियोगिता नहीं हुई है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ट्रायल के बाद खिलाड़ी रवाना होंगे।

Related posts