
चंपावत। जिले के अति दुर्गम और पिछड़े क्षेत्र खिरद्वारी में एएनएम सेंटर खोलने की मांग दिनोंदिन जोर पकड़ने लगी हैै। इस संबंध में ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चौधरी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पोथ ग्राम पंचायत के तहत आने वाले खिरद्वारी में आदिम जनजाति वन रावतों के कई परिवार निवास करते हैं। बावजूद इसके यहां किसी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधा मुहैया नहीं कराई गई है।
डीएम को सौंपे गए ज्ञापन में उपेक्षित विकास महासंघ के महामंत्री शंकर दत्त जोशी, बीडीसी सदस्य जयराम आदि प्रतिनिधियों की ओर से कहा गया है कि खिरद्वारी गांव गंगसीर, निगाली, कलसुनिया, हैड़ा, लग्गापोथ, खर्कलाइजर, गढला, फुरकियाझाला, लोडियालसेरा, पिपरियासेरा, बंडा, अगरून, भड़ियास, उप्राकोट आदि गांवों के केंद्र में स्थित है। वर्तमान में इन गांवों के लोगों को बुखार की दवा लेने के लिए भी 12 किलोमीटर दूर चल्थी जाना पड़ता है। जिसके लिए ग्रामीणों को कई नदी, नालों को पार करना पड़ता है। डीएम ने इस मामले में ग्रामीणों के शिष्टमंडल को प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
