खाली सिलेंडर लेकर आते हैं, खाली ही ले जाते हैं

सरकाघाट/धर्मपुर/करसोग। त्योहारी सीजन में रसोई गैस का संकट खड़ा हो गया। सरकाघाट, धर्मपुर और करसोग के कई क्षेत्रों में उपभोक्ता परेशान हैं। सरकाघाट उपमंडल के दो दर्जन गांवों में रसोई गैस संकट चल रहा है। उपमंडल के करनोहल, कौहण, कोट, गदोहल, बिड्डी, बल्ह, रोसो, रंघोड़, मरोतन, बाहरू, धनराशि, डरवाड़, गरली, घरवासड़ा, साहण, कसैण, भड्डू, चस्वाल, छतरैण, अनस्वाई, गदयाड़ा, रटकैल, सज्जाओपिपलू, ग्रौहू, भेड़ी, जोढण, चौकी में संकट चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है पिछले दो माह से उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिला है। हर रोज खाली सिलेंडर लेकर सड़क किनारे बैठ जाते हैं। सप्लाई न आने पर उन्हें खाली सिलेंडर कंधों पर उठा कर वापस लौटना पड़ता है। कई उपभोक्ता सिलेंडर के लिए सरकाघाट पहुंच रहे हैं। इससे लोगों को सिलेंडर महंगा पड़ रहा है।
राम लाल, रामचंद्र, विजय कुमार, जीवन राम, सुरेश कुमार, किसान सभा के सह सचिव भूपेंद्र सिंह, सज्जाओपिपलू पंचायत के प्रधान राकेश ठाकुर, उप प्रधान हुकम चंद, सधोट के उप प्रधान कुलदीप ठाकुर, पूर्व प्रधान बाली राम, प्रेम सिंह का कहना है कि प्रशासन की ओर से गैस आपूर्ति को सुचारु करने के लिए रूट निर्धारित किया गया। इस पर कोई अमल नहीं हो रहा है। ग्रामीणों तथा किसान सभा ने चेतावनी दी है कि शीघ्र ही गैस की आपूर्ति नहीं होती है तो अधिकारियों तथा गैस एजेंसी कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस बारे में एसडीएम रोहित राठौर ने कहा कि गैस की आपूर्ति सुचारु करने के लिए पंचायत प्रधानों तथा खाद्य आपूर्ति निरीक्षक को रूट चिन्हित करने को कहा गया था। रिपोर्ट आते ही नये सिरे से रूट निर्धारित किए जाएंगे। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री जीएस बाली से संपर्क करने उन्होंने समय पर गैस आपूर्ति न होने पर अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस आपूर्ति करने का भरोसा दिलाया।
इधर, धर्मपुर के सकलाना, समोड़, कमलाह, धर्मपुर, बनाल, खनोड़, परसकाण में रसोई गैस की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है। करसोग के केलोधार, स्यांजबगड़ा, मैहड़ी क्षेत्रों में रसोई गैस समय पर नहीं मिल रही। इससे लोग परेशान हैं।

Related posts