खाली रह गईं बीएड की 2000 सीटें

शिमला। प्रदेश विश्वविद्यालय में बीएड कालेजों के लिए काउंसलिंग का शेड्यूल पूरा होने के बावजूद दो हजार के लगभग सीटें खाली रह गई है। प्रदेश में दो सरकारी और 71 निजी बीएड कालेजों से बीएड करने के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया विवि परिसर में हुई थी। इन कालेजों में कुल 8500 सीटें थीं। विवि प्रशासन को इस मामले में हाईकोर्ट में रिपोर्ट पेश करनी है। इसके बाद ही खाली सीटों पर फैसला हो सकेगा।
हिमाचल में लंबे अर्से बाद प्रवेश परीक्षा के आधार पर बीएड की काउंसलिंग हुई है। इससे पहले प्रदेश में स्नातक की डिग्री की मेरिट के आधार पर बीएड में प्रवेश दिया जाता रहा है। इस बार प्रवेश परीक्षा के आधार पर एडमिशन का विवि ने फैसला लिया था। इसके बाद हाईकोर्ट ने मेरिट पर रोक लगा दी थी। हाईकोर्ट की मंजूरी के बाद विवि प्रशासन ने मेेरिट लिस्ट जारी कर काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की। अब काउंसलिंग की प्रक्रिया खत्म होने के बाद सीटें खाली रह गई हैं। विवि प्रशासन को इसकी रिपोर्ट अब हाईकोर्ट के समक्ष सौंपनी है। प्रदेश विश्वविद्यालय की शिक्षा विभाग की अध्यक्ष सुदर्शना राणा ने बताया कि काउंसलिंग के बाद लगभग दो हजार सीटें खाली हैं। इसकी रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश की जानी है।

Related posts