
नयनादेवी (बिलासपुर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में स्थित केंद्रीय पाठशाला व मिडल स्कूल में पानी की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के चलते बच्चों को घर से पानी की बोतलें भरकर लानी पड़ रही हैं। विभाग द्वारा समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। शनिवार को गुस्साएं छात्रों ने खाली बोतलें लेकर आईपीएच विभाग के दफ्तर का घेराव कर दिया। इस प्रदर्शन की अगुवाई स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने की।
बच्चों सहित अभिभावक भी घवांडल स्थित कार्यालय के बाहर पहुंच गए। जहां पर प्रदर्शन किया। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान राजेंद्र कुमार ने बताया कि समस्या के बारे सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को कई बार अवगत करवाया गया। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। स्कूल में लंबे समय से पानी की समस्या चली आ रही है। बच्चे घर से पानी की बोतलें भरकर स्कूल लेने को मजबूर हो गए हैं। पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर रही है। कई बार जब बच्चों को स्कूल में पानी की आवश्यकता होती है। बच्चे पानी के लिए इधर उधर भटकते देखे जा सकते हैं। स्कूल मुख्याध्यापक देवदत्त ने बताया कि स्कूल में पीने के पानी की समस्या के चलते बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर रही है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पानी की समस्या के कारण बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। उक्त लोगों ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाए। स्कूली बच्चों को कोई भी परेशानी नहीं उठानी पड़े।
उधर, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता शेर सिंह चौहान ने कहा कि काला कुंड वाली स्कीम के नजदीक भू-स्खलन होने से समस्या हुई है। एक दो दिन में समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
