
शिमला। हिमलैंड के समीप शिवपुरी में खाली पिंजरा लगाकर तेंदुआ पकड़ने की नगर निगम की स्कीम फेल हो गई है। बुधवार को पिंजरे में कुत्ता बैठाकर एमसी ने तेंदुए को पकड़ने की जुगत लगाई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए गए बड़े पिंजरे में कुत्ते को रखने के लिए एक और पिंजरा रखा गया है ताकि शिकार की तलाश में पिंजरे में तेंदुए के आने पर कुत्ते को कोई नुकसान नहीं हो। उधर, तेंदुए के हमले में घायल परमानंद शर्मा को दिए जाने वाले मुआवजे की राशि डाक्टरों की रिपोर्ट के बाद ही तय हो पाएगी। संभावित है कि डाक्टर वीरवार को वन विभाग को अपनी रिपोर्ट देंगे। नगर निगम के पास तेंदुए से घायल होने वाले व्यक्ति को अधिकतम एक लाख रुपये तक की आर्थिक मदद देने का प्रावधान है।
मंगलवार शाम को नगर निगम की वन शाखा ने शिवपुरी में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था लेकिन इस पिंजरे में तेंदुए को आकर्षित करने के कुछ नहीं रखा गया था। निगम अधिकारियों ने हवा में तीर मारते हुए खाली पिंजरे में तेंदुए को पकड़ने का सपना देखा था जो बुधवार सुबह होते ही टूट गया। निगम अधिकारियों ने बुधवार शाम को बड़े पिंजरे के अंदर कुत्ते को रखने का फैसला लिया है। उधर, बुधवार को आईजीएमसी गए रेंज आफिसर सुशील कुमार ने बताया कि डाक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर मुआवजे की राशि तय की जाएगी। इस संदर्भ में कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही मुआवजा दे दिया जाएगा।
