
बागेश्वर। कलक्ट्रेट सभागार में मासिक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी बीएस मनराल ने राजस्व वसूली में तेजी लाने और लंबित आपराधिक मामलों को समय पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम का क्रियान्वयन करने के लिए टीम का गठन किया जाएगा। उन्होंने आपदा काल में पटवारियों को कार्य क्षेत्र में ही मौजूद रहने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व की वसूली तेजी के साथ हो और दस बड़े बकाएदारों की सूची बोर्ड पर लगाई जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए तहसीलदार अमीनों को निर्देश दें। उन्होंने कहा कि आपदा के चलते बेहद सतर्कता की जरूरत है। सभी उपजिलाधिकारी नुकसान की फोटोग्राफी कर विवरण समय पर उपलब्ध कराएं। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। पात्र लोगों तक इसका लाभ पहुंचाया जाएगा। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को इसके लिए जिला स्तर पर टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपजिलाधिकारी राशन की दुकानों पर छापे मारें। वाणिज्य विभाग के अधिकारी नए दुकानदारों की सूची प्रशासन और नगर पंचायत को सौंपें। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश आबकारी विभाग को दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी बीएस फिरमाल, एसडीएम फींचाराम चौहान, अनिल चन्याल, कैलाश सिंह टोलिया, रेखा कोहली सहित तमाम अधिकारी उपस्थित थे।
