
काशीपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर सैंपल एकत्र किए। बृहस्पतिवार को तहसीलदार चतुर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने पहले रोडवेज के निकट स्थित बीकानेर मिष्ठान की दुकान पर छापा मारा। यहां टीम ने दूध वाले मावा से मिश्रित मावा पाइन एप्पल बर्फी व कलाकंद मिठाई के सैंपल लिए। इसके बाद टीम ने स्टेशन रोड स्थित ईजी-र्ड में छापा मारा। यहां टीम ने पैक्ड गुलाब जामुन व सोनपापड़ी का सैंपल लिया। इसके अलावा विशाल मेगामार्ट से सोनपापड़ी व पेठे का नमूना लिया। साथ ही आधा दर्जन छोटी-बड़ी दुकान के मालिकों को नोटिस जारी किए। टीम में मौजूद नगर खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। टीम में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरएस कठैत, पवन कुमार, राजेश शर्मा, मनोज सेमवाल आदि मौजूद थे।
