
नई दिल्ली: कांग्रेस नेताओं ने खाद्य सुरक्षा विधेयक पारित कराने के लिए आज सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की। यह विधेयक राजीव गांधी के जन्म दिवस के मौके पर कल लोकसभा में पेश किए जाने की उम्मीद है।
खाद्य मंत्री केवी थॉमस ने संसदीय कार्य मामलों में मंत्री कमल नाथ और कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल ने शाम में यादव से मुलाकात की।
सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव भी मुलाकात के दौरान मौजूद थे जिसके बाद सपा के मुख्य सचेतक शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि विधेयक पर विचार करने के लिए कल सुबह सपा संसदीय दल की एक बैठक होगी।
कांग्रेस नीत संप्रग सरकार को बाहर से समर्थन देने वाली पार्टियों में सपा एक प्रमुख पार्टी है। इस महीने के शुरूआत में मुलायम ने कहा था कि उनकी पार्टी विधेयक का समर्थन करने के लिए तैयार है, बशर्ते कि सरकार किसानों के हितों की सुरक्षा करे और सुनिश्चित करे कि इन्हें अपनी उपज पर लाभ मिलेगा। संप्रग सरकार को बाहर से समर्थन दे रही बसपा ने भी विधेयक का समर्थन किया है लेकिन पार्टी प्रमुख मायावती ने इसे प्रभावी करने के लिए अध्यादेश लाए जाने की आलोचना की थी।
कांग्रेस ने ऐसे वक्त में मुलायम को रिझाने की कोशिश की है जब वह इस विधेयक में विपक्ष की ओर से सुझाए गए ढेर सारे संशोधनों का सामना कर रही है। वहीं, सरकार इस बात पर जोर दे रही है कि वह सिर्फ ऐसे संशोधन स्वीकार करेगी जो व्यवहार्य होगा।
तेलंगाना मुद्दे पर कांग्रेस तेदपा संासदों के विरोध का भी सामना कर रही है। संसदीय कार्य मंत्री कमल नाथ ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार कल सुबह इस बारे में फैसला करेंगी कि तेदपा सांसदों के विरोध का क्या किया जाए।
कमलनाथ ने कहा कि इस सिलसिले में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। इसबीच, प्रधानमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विधेयक पर आगे की रणनीति के लिए एक बैठक बुलाई। बैठक में खाद्य मंत्री केवी थॉमस, महिला एवं बाल विकास मंत्री कृष्णा तीरथ, ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश, मानव संसाधन विकास मंत्री एमएम पल्लम राजू और वित्त मंत्री पी चिदंबरम सहित अन्य नेता शामिल हुए। कमलनाथ ने बताया, ‘‘हमने पाटिर्यों द्वारा सुझाए गए विभिन्न संशोधनों पर चर्चा की, ताकि उनमें से क्या क्या स्वीकार की जाए जिससे विधेयक आसानी से पारित हो जाए।’’
