
ऊना। सब्जी के बढ़ते दामों एवं जमाखोरी पर लगाम कसने को लेकर जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने शिकंजा कस दिया है। बुधवार को जिला आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक यादवेंद्र पाल के नेतृत्व में गठित टीम ने सब्जी मंडी सहित ऊना शहर की लगभग 30 के करीब सब्जी की दुकानों पर छापामारी की। इसके अलावा होटल-ढाबों में अवैध तरीके से लगाए गए घरेलू गैस सिलेंडरों को भी जब्त किया है। विभाग की ओर से छेड़े गए विशेष अभियान के चलते दुकानदारों में खलबली मच गई। इसके चलते कई दुकानदार चेकिंग के दौरान मौके से इधर-उधर हो लिए। विभाग ने कई दुकानों के बाहर रेट लिस्ट न होने के दुकानों पर कार्रवाई भी की। वहीं दुकानदारों को दुकानों के बाहर रेट लिस्ट लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर दोपहर जिला जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने ऊना सब्जी मंडी सहित अन्य सब्जी की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। विभाग ने कार्रवाई के दौरान करीब एक क्विंटल सब्जी, छह घरेलू गैस सिलेेंडर जब्त किए। इसके अलावा एक दुकानदार को पालीथिन का प्रयोग करने पर 500 रुपये का जुर्माना किया है। सब्जी की जमाखोरी को रोकने को लेकर छेड़े विशेष अभियान के दौरान विभाग ने कई खामियां पाई हैं। इसको लेकर विभाग ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए हैं। चेकिंग के दौरान कई विक्रेता सब्जी से संबंधित बिल भी नहीं दिखा पाए।
उधर, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अधिकारी यादविंद्र पाल ने बताया कि महंगाई एवं सब्जी की जमाखोरी को लेकर विभाग ने विशेष अभियान चलाया है। इसके चलते बुधवार को कई दुकानों का औचक निरीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विशेष अभियान के दौरान टीम में खाद्य अधिकारी नरेंद्र धीमान, निरीक्षक रजनी कालिया, भूपिंद्र एवं सुरेंद्र सहित अन्य शामिल रहे।
