खादर में नहीं थमा अवैध खनन का सिलसिला

लक्सर/सुल्तानपुर। खादर क्षेत्र में बाणगंगा और गंगा के घाटों पर अवैध खनन थम नहीं रहा है। खनन माफिया अनुमति की आड़ में कई जगह पर दिनरात खनन कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने के मामले में चुप्पी साध ली है।
आपदा के दौरान नदियों से खेतों में आई सिल्ट उठाने की अनुमति की आड़ में खादर क्षेत्र में अवैध खनन का खेल शुरू हो गया था। खनन माफिया खेतों के अलावा नदियों के घाटों से खनन सामग्री उठाई जा रही है। बाणगंगा में निहंदपुर सोठारी, अलावलपुर, टाडा महतौली, हरसीवाला, भोगपुर, टाडा भागमल आदि गांवों के घाटों से खनन किया जा रहा है। माफिया दिन-रात इन घाटों पर जेसीबी से खनन कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन को जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी तरह से गंगा और सोलानी नदी के घाटों से भी खनन किया जा रहा है। माफिया तटबंधों के करीब भी खनन सामग्री उठा रहे हैं।
जून महीने में जिला प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया था। इस दौरान दर्जनभर से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस प्रशासन की ओर से भी अभियान चलाया था। खनन नहीं रोकने पर एसएसपी ने भिक्कमपुर पुलिस चौकी को निलंबित कर दिया था। लेकिन, अब कार्रवाई नहीं की जा रही है। एसडीएम उत्तम सिंह चौहान का कहना है कि सूचना मिलने पर छापे मारे जाते हैं।

Related posts