खाई में जाते-जाते बची 35 यात्रियों से भरी बस

चंबा। चंबा-सुनारा मार्ग पर शुक्रवार को एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह एक निजी बस चंबा की ओर आ रही थी। इस बीच जब यह बस लुहारका मोड़ के पास पहुंची तो इसका अगला हिस्सा टूट गया। इससे बस चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और खाई की तरफ जाने लगी। इस दौरान बस में 35 के करीब सवारियां बैठी थीं। बस चालक ने हिम्मत दिखाते हुए बस को नियंत्रण में कर लिया और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जब बस का पुर्जा टूटने की आवाज आई और बस गति अनियंत्रित होने के कारण सड़क से बाहर जाने लगी तो बस में बैठी सवारियों की सांसें थोड़ी देर के लिए थम गई थीं। जब चालक ने बस को नियंत्रित करके सुरक्षित रोक लिया तब जाकर सभी की सांस में सांस आई।

Related posts