
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस चौकी कंडवाल के अंतर्गत कंडवाल-लोधवां सड़क मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब साढ़े 4 बजे सड़क हादसे में 2 बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
पुलिस के अनुसार रिंकू (25) पुत्र भूरी चंद अपने दोस्तों पुरषोत्तम सिंह (26) व बंटी (23) पुत्र प्रकाश चंद सभी निवासी सूरजपुर मोहटली के साथ बाइक नं पीबी 35 एन 8349 पर डमटाल से वाया भदरोआ होकर कंडवाल की तरफ आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हगवाल के समीप पहुंची तो बाइक अनियंत्रित हो गई और सबसे पहले सड़क किनारे पुली से टकराई और फिर नाले में जा गिरी। नाले में गिरने के उपरांत रिंकू और पुरुषोत्तम की मौके पर मौत हो गई। जबकि बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से बंटी को पठानकोट के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहीं कंडवाल पुलिस व ट्रैफिक पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके का दौरा किया। बाइक और शवों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी नूरपुर राजीव अत्री ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया गया है।
