
बिलासपुर के थाना सदर के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर गंभरोला के समीप टैक्सी गहरी खाई में लुढ़कने से महिला श्रद्धालु की मौत हो गई है। अन्य चार श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में उपचाराधीन हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शिमला के संदीप कुमार, नवीन कुमार, अर्चना, आनंद कुमार पटना बिहार, नर्मदा देवी रामपुर शिमला से श्री नयना देवी मां के दरबार में माथा टेकने टैक्सी ऑल्टो कार नंबर एचपी 01-ए -8448 से जा रहे थे कि चालक कमलेश जिला मंडी ने गंभरोला पुल के पास गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया।
इसके चलते टैक्सी करीब 150 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में नर्मदा देवी निवासी रामपुर बुशैहर शिमला की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य चार लोग घायल हुए हैं। उधर, घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए जिला क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। इन घायलों का जिला क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।
डीएसपी हेडक्वार्टर प्रताप ठाकुर ने कहा कि सड़क हादसे में महिला की मौत हुई है। चार लोग घायल हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
