
कोटखाई। तहसील कोटखाई के तहत खनेटी अलांवग सड़क पर कार खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई। हादसा वीरवार की रात को हुआ। लेकिन हादसे का पता शुक्रवार तब लगा जब परिजनों ने घर न पहुंचने पर व्यक्ति की तलाश शुरू की। शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोटखाई भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार अलांवग गांव निवासी राविंद्र नेकटा पुत्र श्याम लाल नेकटा अपनी कार में शुक्रवार रात खनेटी से गांव के ओर जा रहा है। लेकिन रात तक वह घर नहीं पंहुचा। परिजनों ने उससे संपर्क का प्रयास किया, लेकिन संपर्क स्थापित नहीं हो सका। घर न पहुंचने पर चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शुक्रवार को कार अलांवग के समीप खाई में दुर्घटना ग्रस्त मिली। कार हादसे में रविंद्र नेकटा की मौके पर मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस घटना स्थल के लिए रवाना हुई है। कोटखाई के थाना प्रभारी गौरी दत्त शर्मा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
