
सोलन। जिला सोलन में हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड में 25 फीसदी से कम परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों का इंक्रीमेंट रुक सकता है। शिक्षा विभाग ने परिणाम मूल्यांकन नीति के तहत मंथन के लिए स्कूलों से परीक्षा परिणाम की रिपोर्ट तलब करने की कवायद शुरू कर दी है।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक ने मुख्य अध्यापकों और प्रिंसिपलों को निर्देश जारी कर स्कूलों में गजट पहुंचते ही रिपोर्ट भेजने को कहा है। इसकी पुष्टि उच्च शिक्षा उपनिदेशक गुरदयाल सिंह बग्गा ने की है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्कूलों की संख्या करीब दो से तीन दर्जन तक हो सकती है, लेकिन रिपोर्ट आने के बाद ही सही संख्या का पता चल पाएगा। सूत्रों के मुताबिक स्कूल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। अभी तक 12 स्कूलों में दसवीं कक्षा का परिणाम 25 प्रतिशत से कम है। जमा एक कक्षा का परिणाम दो स्कूलों और जमा दो में भी दो स्कूलों का परिणाम 25 प्रतिशत से कम है। इनमें एक पब्लिक स्कूल भी शामिल है।
कम परफार्मेंस पर गिरेगी गाज
उच्च शिक्षा उपनिदेशक गुरदयाल सिंह बग्गा ने कहा कि 10वीं, जमा एक और दो की परीक्षाओं में 25 फीसदी से कम परफार्मेंस देने वाले शिक्षकों पर गाज गिर सकती है। जवाब तलब करते हुए शिक्षकों का इंक्रीमेंट तक रोके जाने का प्रावधान है।
