
धर्मशाला। एक तरफ कांगड़ा की ऊपरी पहाड़ियाें में बर्फबारी से जिला भर में शीतलहर का प्रकोप रहा, वहीं रविवार को दिन भर बिजली की आंखमिचौनी ने लोगों और सैलानियों को मुश्किल में डाले रखा। मैकलोडगंज में बिजली गुल होने से बाहरी राज्यों से आए पर्यटक होटलों में ठंड से ठिठुरते रहे। बाजारों में भी दुकानदार बिजली गुल होने के बाद आग सेंककर समय पास करते दिखे। विद्युत बोर्ड के अनुसार गज पावर हाउस में बिजली की वोल्टेज बढ़ने से लोड बढ़ गया। इससे बार-बार लाइट बंद करनी पड़ रही थी। बीच-बीच में लाइट की आपूर्ति सिद्धपुर पावर स्टेशन से की गई। एकदम से लोड बढ़ जाने से लाइट गुल हो रही थी। खनियारा रोड निवासी अजय राणा, पंकज, रिंकू, मनीष ने बताया कि बिजली की आंखमिचौनी से उन्हें काफी परेशानी हुई। लाइट न होने से उन्हें ठंड में ही समय व्यतीत करना पड़ा है। समस्या को लेकर विद्युत बोर्ड को भी अवगत करवाया गया था। एक्सईएन विद्युत बोर्ड धर्मशाला अजय गौतम ने बताया कि समस्या का हल कर दिया गया है। लोड बढ़ने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही थी।
